मानीमऊ। तेज आंधी के साथ शनिवार को बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। कई बिजली के खंभे व ट्रांसफार्मर गिर पड़े। तेज बारिश से गांव की मुख्य सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोग पानी में घुस कर निकलने को मजबूर हुए।
तेज आंधी और बारिश से मानीमऊ में ठठिया मार्ग पर पंजाब नेशनल बैंक के पास बिजली के खंभे व बिजली ट्रांसफार्मर सड़क पर गिरने से मानीमऊ-ठठिया मार्ग बाधित हो गया। जिससे बैंक सहित कस्बे की बिजली गुल हो गई। तेज आंधी और बारिश से क्षेत्र की बिजली गुल हो गई जो देर रात तक गायब रही। बारिश होने से कई गांव की मुख्य सड़कें व गलियां पानी से लबालब हो गईं। मानीमऊ ग्राम पंचायत का मजरा मकदृमापुर गांव में बारिश के पानी का कोई निकास न होने से गांव में पानी भर गया, जिससे लोग गंदे पानी में निकलने को मजबूर हो गए। गांव के पानी के निकास के लिए गांव के लोगों ने ग्राम प्रधान व सचिव से कई वार शिकायत की फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। गांव के लोगों ने मांग की है बारिश होने से पहले गांव पानी निकास की व्यवस्था की जाए।
-
आंधी व पानी में दीवार गिरी, मवेशी की मौत
चपुन्ना। चौकी क्षेत्र के शिवसिंहपुर गांव में शनिवार की सुबह तेज आंधी के साथ हुई बरसात में राजेश सिंह के घर की दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। मलबे के नीचे दीवार के किनारे बंधी बकरियां दब गईं। घर में मौजूद लोगों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर मलबे में दबी बकरियों को बाहर निकाला, लेकिन एक की मौत हो गई, जबकि अन्य बकरियां घायल हो गईं। संवाद