शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने के लिए जिले में शुरू की गई कौशल विकास योजना पूरी तरह से फेल साबित हुई है। वर्ष 2014-15 में शासन से मिले 1624 के लक्ष्य के सापेक्ष सिर्फ 841 लोगों को प्रशिक्षण दिया जा सका। वहीं प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले एक भी युवा को आज तक रोजगार नहीं दिलाया गया।
आलम यह है कि कुशल प्रशिक्षक न होने से कई केंद्रों पर ताले पड़े हैं तो कई शुरू भी नहीं हो सके हैं। जिन केंद्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है वह भी नियमित नहीं खुलते। पिछले तीन सालों के अंतराल में एक भी प्रशिक्षु को नौकरी नहीं मिल पाई है। ऐसे में प्रशिक्षण देने वाली कंपनियों की लापरवाही का खामियाजा प्रशिक्षु भुगतने को मजबूर हैं।
शासन ने कौशल विकास मिशन के तहत बेरोजगारों को रोजगार देने का वायदा करके उनसे वर्ष 2014 (जनवरी-फरवरी) में आन-लाइन आवेदन मांगे। जिले से करीब 57 हजार छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया। वर्ष 2014-15 के लिए 1624 अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण का लक्ष्य मिला। शासन ने प्रशिक्षण के लिए एब्रान स्किल डेवलपमेंट लिमिटेड चेन्नई, श्रीराम न्यू हारेजन प्रा.लि.नई दिल्ली, समदृष्टि एजूकेशन सोसाइटी को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी सौंपी।
पहले फेज में केवल एक कंपनी ने अप्रैल 2014 में गुरसहायगंज व तिर्वा में 27-27 छात्रों को प्रशिक्षण दिया। दूसरे फेज में दो अन्य कंपनियों ने 841 युवाओं को ट्रेनिंग दी। 319 लोगों को अभी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कंपनियों की ओर से प्रशिक्षण केंद्रों पर कुशल प्रशिक्षक न रखने से जांच के दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर गुरसहायगंज, कन्नौज, तिर्वा में संचालित केंद्र बंद कर दिए गए।
------------
विकास खंड बैच छात्रों की संख्या
--------------------------------
छिबरामऊ 2 54
सौरिख निल बंद
गुरसहायगंज 3 81
इंदरगढ़ 2 54
तिर्वा निल बंद
ठठिया 2 54
नदसिया 4 108
जसोदा निल बंद
कन्नौज निल बंद
---------------------------
प्रमाण पत्र न मिलने से अटकी जॉब
कौशल विकास मिशन के एमआईएस मैनेजर मुकेश श्रीवास्तव का कहना है कि पहले फेज में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 57 छात्रों की शासन से परीक्षा आयोजित कराई गई। इसमें गुरसहायगंज के 27 में 10 व कन्नौज के 27 में 17 छात्र परीक्षा पास कर सके। इन छात्रों के अभी तक पास होने के सार्टीफिकेट नहीं आए है। इस कारण उनको किसी भी संस्थान में जॉब नहीं मिल पाई। ट्रेनिंग प्राप्त कर चुके छात्रों की परीक्षा आयोजित कराए जाने की कार्रवाई चल रही है।
-------------
नदसिया में चार में दो बैच का संचालन
नदसिया। कस्बे में एब्रान स्किल डब्लपमेंट लिमिटेड चेन्नई 27-27 छात्रों के चार बैचों को प्रशिक्षण दे रही है। लेकिन जब अमर उजाला संवादाता केंद्र की पड़ताल करने पहुंचा तो वहां पर महज दो बैचों का सुबह व शाम पाली में संचालन मिला। केंद्र पर प्रशिक्षण देने के लिए चार टीचर नियुक्त है। कंप्यूटर के 26 सेट लगे हैं। केंद्र पर करीब 28 छात्र मौजूद मिले। केंद्र संचालक यदुनेश द्विवेदी का कहना है कि 8 से 12 बजे के बीच दो बैचों का संचालन होता है। जिसमें एक बैच में 27 व दूसरे में 26 छात्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एक से चार बजे के मध्य में 25 व 27 छात्रों के दो बैच लगाए जा रहे हैं।
--------------
भुगतान न होने से आ रही समस्या
डीएम अनुज कुमार झा ने बताया कि कई केंद्रों का संचालन के बाद भुगतान नहीं हुआ है। परीक्षा के बाद सार्टिफिकेट नहीं आने सहित अन्य जो भी समस्याएं हैं, उससे कौशल विकास मिशन डायरेक्टर को अवगत कराया जा चुका है। डायरेक्टर का कहना है कि जो भी कमियां हैं, उनको दुरुस्त कराया जा रहा है। चार बैचों में दो बैच का संचालन लापरवाही है। निरीक्षण कराकर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।