Traffic police will be seen in blue dress from December 1
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। यातायात पुलिसकर्मियों की वर्दी में फिर से बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस के इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और सिपाही सब अब एक दिसंबर से नीली पैंट और नीले स्वेटर पहने दिखाई पड़ेेंगे। इससे पहले मुख्य आरक्षी और आरक्षी को सफेद शर्ट के साथ नीली पैंट पहनने का आदेश हुआ था। यातायात पुलिस में इंस्पेक्टर, उपनिरीक्षक और सिपाही की वर्दी में समानता और एकरूपता लाने के लिए ये आदेश यातायात विभाग की तरफ से जारी किया गया है।
अभी तक यातायात विभाग के सब इंस्पेक्टर खाकी पैंट के साथ सफेद शर्ट पहन पी कैप लगाते हैं और भूरे जूते और बेल्ट पहनते हैं। यातायात निरीक्षक पूरी खाकी वर्दी पहनते हैं। नए नियम के अनुसार अब सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर तक का ड्रेस कोड जो जारी हुआ है उसमे नीली पैंट, सफेद शर्ट, नीला बैरेट कैप, काली बेल्ट, काले जूते, नीली जर्सी, नायलोन मोजा काला, ऊनी मोजा काला, नीली सीटी डोरी, सफेद ऊनी शर्ट को शामिल किया है। सिर्फ शर्ट छोड़कर अन्य सभी वस्त्रों में परिवर्तन कर दिया गया है। सभी ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को जल्द से जल्द ड्रेस तैयार करने के निर्देश दिए हैं। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि एक दिसंबर से नया ड्रेस कोड लागू कर दिया जाएगा।