छिबरामऊ। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली मर्यादा पुरुषोत्तम राम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर व्यापारी खासे उत्साहित हैं। व्यापारियों ने बताया कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दिन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों व घरों को भव्यता से सजाया जाएगा।
मंगलवार को पूर्व राज्यमंत्री व विधायक अर्चना पांडेय ने मोहल्ला बजरिया स्थित अपने आवास पर चेयरमैन, व्यापारियों, सभासदों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी के कार्यक्रम को लेकर सभी सड़क पर निकलकर जन जागरण करें। व्यापारी अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों व घरों को भव्यता से सजाएं व दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
व्यापारी बाजार में निकलकर दुकानदारों को ध्वज का वितरण करें और उन्हें प्रतिष्ठान के बाहर लगवाकर साज-सज्जा की चाक-चौबंद व्यवस्था करें। विधायक ने बताया कि 22 दिसंबर के कार्यक्रम को लेकर सभी उत्साहित और गर्व की अनुभूति कर रहे हैं, जैसे उनके घर में कोई बड़ा उत्सव हो।
इस दौरान चेयरमैन मनोज दुबे, ईओ सुनील सिंह, किराना कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता लालू, खाटू श्याम सेवा समिति के अध्यक्ष विवेक गुप्ता, गल्ला आलू व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रीतू गुप्ता, नरेश वर्मा, सत्यनरायन वर्मा, रामनरायन, आनंद महेंद्रा आदि मौजूद रहे।