सौरिख। घर लौट रहे ट्रैक्टर चालक को शनिवार की रात पुरानी रंजिश में दबंगों ने घेरकर पीटा। मोबाइल और पैसे भी छीन लिया। चीखपुकार की आवाज सुनकर उधर से गुजर रहे लोगों ने चालक को बचाया। घायल चालक ट्रैक्टर लेकर घर पहुंचा और पिता के साथ थाने पहुंच कर मामले की तहरीर पुलिस को दी।
आजाद नगर निवासी आकिल हुसैन का बेटा निहाल शनिवार की रात कबीरपुर बंबा रोड से ट्रैक्टर लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कबीरपुर निवासी दो लोगों ने पीछा कर ट्रैक्टर को रोक लिया। निहाल के साथ जमकर मारपीट की। मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया और तीन हजार रुपये भी लूट लिए।
चीख पुकार की आवाज सुनकर उधर से गुजर रहे लोगों ने निहाल को छुड़ाया। निहाल ने घर पहुंचकर मामले की सूचना पिता को दी। पिता ने बेटे के साथ थाने पहुंच कर नामजद तहरीर पुलिस को दी। सीओ शिव कुमार थापा का कहना है कि थाना प्रभारी हरी श्याम सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। मामला मारपीट का है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।