जीटी रोड पर जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
नगर के फर्रुखाबाद चौराहा पर आलू लादकर निगम मंडी जा रहा ट्रैक्टर खराब हो गया, जिसके चलते जीटी रोड पर जाम लग गया। दो घंटे तक जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे और सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। ट्रैक्टर सही होने के बाद ही यातायात सुचारु हो सका। शुक्रवार दोपहर नगर के फर्रुखाबाद चौराहा पर कुंवरपुर जनूं का एक ट्रैक्टर आलू लेकर निगम मंडी जा रहा था। ट्राली के पहिये का बैरिंग टूट गया, जिससे वह बीच रोड पर ही खड़ा हो गया।
इससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम में सैकड़ों वाहन दो घंटे तक फंसे रहे। इसमें दिल्ली और कानपुर जाने वाली कई रोडवेज बसें भी थी। जाम से बसों में बैठे यात्री परेशान हो गए। डग्गामार वाहन इधर-उधर छोटे रास्तों से गुजरते रहे। लोगों ने जाम की सूचना पुलिस को दी, लेकिन मौके पर कोई भी पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा। इस दौरान किसानों ने ट्रैक्टर का पहिया बदल दिया, तब जाकर यातायात बहाल हुआ। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सोमेंद्र कुमार नेगी का कहना है कि इस समय फोर्स पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनाव ड्यूटी में गया है। कर्मचारियों की कमी की वजह से दिक्कत हो रही है।