सौरिख थाना क्षेत्र के नगला सरदार गांव में डेढ़ बीघा जमीन को लेकर भाई ने छोटे भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भाई समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के नगला सरदार (नगला सिद्धार्थ) गांव निवासी श्यामवीर सिंह (37) के दो भाई रामवीर व राजवीर हैं। इनमें वह सबसे छोटा था। कई सालों से आरसीएल कंपनी में ट्रक चालाता था। तीन दिन पहले डेढ़ बीघा जमीन मझले भाई राजवीर सिंह को दे दी थी। इसी बात को लेकर बो भाई रामवीर सिंह खुन्नस मानने लगा। शनिवार की रात को उसने पुत्र सुनील व दामाद किशनी थाना क्षेत्र के परतापुर गांव निवासी चंद्रशेखर सिंह के साथ मिलकर श्यामवीर के घर पर हमला बोल दिया। घर में पथराव करते हुए दरवाजे को कुल्हाड़ी से तोड़ दिया। बाद में तीनों घर में घुस गए और छत पर सो रहे श्यामवीर को पकड़कर खेत की तरफ ले गए। वहां मारपीट करते हुए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। थाना के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने गांव पहुंचकर जरूरी जानकारी जुटाई।