फोटो :22: एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। स्रोत : जागरूक पाठक
तिर्वा। घने कोहरे के कारण सोमवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पचोर गांव के पास टमाटर लदी पिकअप पलट गई। पीछे से आ रहीं तीन कारें पिकअप से टकरा गईं। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों का राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया जिसके बाद सभी गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
आगरा से लखनऊ टमाटर लेकर जा रही पिकअप सोमवार सुबह करीब सात बजे तिर्वा क्षेत्र के पचोर गांव के पास एक्सेल टूटने से पलट गई। इसी दौरान पीछे से आ रही तीन कारें भी टकरा गई। हादसे में पिकअप सवार देवरिया जनपद के सलेमपुर क्षेत्र के कस्बा निवासी विशाल गुप्ता (28) और दीपक (34) घायल हो गए। वहीं कार सवार बहराइच जनपद के रिसिया क्षेत्र के लखईया जदीद गांव निवासी रामू (18) व राजस्थान के भरतपुर जनपद के खेवररोड़ थाना क्षेत्र के गांधीनगर निवासी लेखराज (56) भी मामूली रूप से घायल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि सभी घायल इलाज के बाद अपने गंतव्य को चले गए हैं। सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवा दिया गया है।