संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। तिर्वा मेडिकल कॉलेज परिसर स्थिति मेडिकल स्टोर कर्मी समेत दो युवकों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दूसरा युवक दिल्ली से लौटा है। पॉजिटिव होने की जानकारी पर वह घर से भाग गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने फोन पर उसे समझाकर बुलाया। दोनों युवकों को कोविड-19 अस्पताल कनपटियापुर में भर्ती कराया गया है।
जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 219 पर पहुंच गई है। इसमें 148 ठीक हो चुके हैं और 70 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। बिहार के एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। संक्रमितों में 153 प्रवासी हैं। दो नए पॉजिटिव में एक युवक की उम्र 28 वर्ष है। तिर्वा निवासी ये युवक मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित मेडिकल स्टोर पर नौकरी करता था। दूसरे पॉजिटिव की उम्र 30 वर्ष है और वह दिल्ली से तीन दिन पहले तिर्वा आजाद नगर अपने घर लौटा था। मोहल्ले के लोगों के दबाव में जांच कराई थी।
पॉजिटिव रिपोर्ट की जानकारी पर ये युवक घर से अपने कपडे़ लेकर भाग गया। घर पहुंचे स्वास्थ्य कर्मियों ने फोन कर उसे समझा कर बुलाया। चिकित्सा अधीक्षक डा.अवधेश कुमार ने कहा कि मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गया था। किस मेडिकल स्टोर पर गया था इसकी जानकारी कराई जा रही है।