तालग्राम। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर बालू लदे डंपर का टायर फटने से जाम लग गया। दो घंटे तक लगे जाम में सैकड़ों बड़े वाहन फंसे रहे। छोटे और दोपहिया वाहन चालक आसपास के गांवों से होकर निकलते दिखाई दिए।
थाना क्षेत्र के भवनियापुर गांव के पास खुदे गड्ढों से डंपर बालू भरकर कहीं ले कर जा रहे थे। गड्ढे से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर चढ़ते ही डंपर का अगला टायर फट गया। इससे डंपर अनियंत्रित होकर सड़के के बीचोंबीच फंस गया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग जाने से जाम की नौबत आ गई। काफी देर बाद डंपर को जेसीबी से हटाया जा सका। तब कहीं आवागमन सामान्य हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली।