कन्नौज। टिड्डी दल को लेकर कृषि विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। बचाव के लिए तैयारियां की जा रही हैं। जिले में आमद होने पर दमकल और नगर पालिका की टीम से दवा का छिड़काव कराया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी राम मिलन सिंह ने बताया कि टिड्डी दल ने तीन समूहों में पाकिस्तान से उड़ान भरी है। एक दल राजस्थान होते हुए मध्य प्रदेश की ओर चला गया। दूसरा दल पाकिस्तान से होते हुए राजस्थान की ओर बढ़ रहा है।
इससे जिले में सक्रियता बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि टिड्डी दल हवा के साथ आगे बढ़ता है। जिले में आमद होने पर दमकल और नगर पालिका की टीम से दवा का छिड़काव कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि टिड्डी दल हरी फसलों, सब्जी की फसल, बाग में एक साथ हमला करता है। इन्हें धुआं कर, थाली, ढोल या टिन के डिब्बे पीटकर भगाया जा सकता है।
विकास भवन में टिड्डी दल से बचाव के लिए कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। मोबाइल नंबर 8887850950 व 9454682284 पर किसान सूचना दे सकते हैं।
टिड्डी दल से बचाव के लिए ये करें उपाय
-टिड्डी दल को थाली, ढोल, नगाड़े या लाउड स्पीकर की तेज आवाज से खेत से भगाया जा सकता है।
-टिड्डी दल सुबह 10 बजे के बाद खेत पर डेरा डालता है। इन्हें रोकने के लिए किसान पांच फीसदी मैलाथियान और 1.5 फीसदी क्विनालफास का छिड़काव करें।
-40 मिली नीम के तेल को 10 ग्राम कपड़े धोने के पाउडर के साथ 10 लीटर पानी में घोल कर छिड़काव करने से टिड्डी फसलों को नहीं खाती है।
-टिड्डी दल बलुई मिट्टी में अंडे देते हैं। इससे बचने के लिए किसान खेतों की गहरी जुताई कर सिंचाई कर दें। इससे टिड्डी दल खेत में नहीं आएगा।