गुरसहायगंज। ठग ने महिला के खाते से आठ बार में एक लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता ने शनिवार को साइबर क्राइम थाने में सूचना देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के चौकी सरायप्रयाग अंतर्गत सभापुर गांव निवासी सूरज मुखी ने बताया कि उनका बचत खाता पंजाब नेशनल बैंक में है। 11 सितंबर को ठग ने यूपीआई के माध्यम से आठ बार में एक लाख रुपये निकाल लिए। घटना का पता तब चला जब सूरज मुखी ने बैंक खाते का विवरण देखा। उन्होंने तुरंत साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई और संबंधित बैंक अधिकारियों को भी सूचना दी।
पीड़िता का कहना है कि वह कभी भी अनजान युवक से बैंक से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करती थीं। फिर भी उनके खाते से रकम निकाल ली गई। साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को ठगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बैंक अधिकारियों ने भी खाताधारकों को सलाह दी है कि वह अपने यूपीआई पिन, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। इस संबंध में कोतवाल आलोक दुबे ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।