कन्नौज। सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने के लिए दो पक्षों में मारपीट के बाद एक युवक मरणासन्न हो गया था। कोर्ट ने सुनवाई के बाद गुरुवार को जानलेवा हमले में तीन लोगों को पांच-पांच साल कैद की सजा सुनाई है।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डडियन निवासी अखिलेश कुमार वर्मा ने 28 जून 2017 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गया था। तभी गांव के तुलसीराम, सियाराम व दारासिंह ने गालीगलौज की। विरोध करने पर इन लोगों ने मारपीट कर उसके भाई गिरीशचंद्र को मरणासन्न कर दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर तीन अगस्त 2017 को आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी द्वितीय हरेंद्रनाथ ने तुलसीराम, सियाराम और दारासिंह को दोषसिद्ध करते हुए पांच-पांच साल कैद के साथ 7500-7500 रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माने की धनराशि अदा न करने पर तीनों को छह-छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। सजा सुनाए जाने के बाद दोषियों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।