जिले के करीब 120 गांवों के उपभोक्ताओं को कुछ ही महीने में बेहतर बिजली मिलने लगेगी। विभाग ने तीन विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण शुरू करा दिया है। लाखों रुपये की लागत से बन रहे इन विद्युत उपकेंद्रों से उपभोक्ताओं को बिजली जल्द दी जाएगी।
बिजली विभाग ने शहर के मोहल्ला अकबरपुर सराय घाघ, मोचीपुर व कढे़रा पट्टी में विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए हैं। इन सभी पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। वहीं ठठिया, बहादुरपुर, तिर्वा व मकरंद नगर विद्युत उपकेंद्रों पर लोड घटेगा। इससे बिजली विभाग को राहत मिलेगी।
अधिशासी अभियंता विद्युत पीराम ने बताया कि अकबरपुर सराय घाघ का विद्युत उपकेंद्र पर पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। उपकेंद्र के निर्माण में 265 लाख रुपये खर्च होंगे। यह उपकेंद्र दिसंबर में विद्युत आपूर्ति शुरू कर देगा। इस विद्युत उपकेंद्र से शहर के कुछ मोहल्लों के अलावा ग्रामीण अंचल के कई गांव जोड़े जाएंगे। इसी तरह इंदरगढ़ क्षेत्र में तिर्वा से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। अब यहां के उपभोक्ताओं को नए विद्युत उपकेंद्र कढे़रा पट्टी से आपूर्ति मिलेगी। यहां पर भी पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इस विद्युत उपकेंद्र की लागत 257 लाख रुपये होगी। इंदरगढ़ क्षेत्र के कुछ गांव में तिर्वा से ही बिजली दी जाएगी। बाकी गांवों को नए विद्युत उपकेंद्र से सप्लाई दी जाएगी। यह विद्युत उपकेंद्र नवंबर में चालू कर दिया जाएगा।
इसके अलावा मोचीपुर गांव में विद्युत उपकेंद्र का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इस क्षेत्र में अभी तक बहादुरपुर व ठठिया विद्युत उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इसका निर्माण दिसंबर में पूर्ण कर लिया जाएगा। यहां पर पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इससे मानीमऊ क्षेत्र में बेहतर बिजली मिल सकेगी।
दूरी अधिक होने से होते फाल्ट
मानीमऊ क्षेत्र में करीब 10 से 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ठठिया से आपूर्ति मिलने के कारण आए दिन फाल्ट हो जाते थे। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली नहीं मिल पा रही थी। वहीं ठठिया विद्युत उपकेंद्र से कई गांव जुड़े होने से अक्सर विद्युत उपकेंद्र ओवर लोड रहता था। गर्मी के मौसम में विद्युत उपकेंद्र को रोक-रोककर फीडरों पर आपूर्ति दी जाती थी। अब इस समस्या से निजात मिल जाएगी।