सदर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर कुसुमखोर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे और फावड़े चले। इससे तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर पर एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अकबरपुर निवासी अब्दुल रऊफ (60) ने गांव के ही अजमुद्दीन, मईद, कमर, मोनिस, असलम, अकलम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि वह अपनी जगह में खूंटा गाड़ रहे थे। तभी उक्त लोग आए और भैंस खोल दी और खूंटा उखाड़कर फेंक दिया। विरोध करने पर लाठी-डंडों, बंदूक की बटों और चाकू से हमला बोल दिया।
उन्होंने रऊफ और मो. रियाज (20) को घायल कर दिया। इसी तरह दूसरे पक्ष के नईमुद्दीन पुत्र सद्दीक ने इकबाल पुत्र इसरार, दिलशाद, इरशाद, शमशाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि उसके पिता सद्दीक सुबह सात बजे दरवाजे पर बैठे थे। तभी उक्त लोग जमीन पर कब्जा करने की बात कहकर गालीगलौज करने लगे। विरोध पर मारपीट की।