छिबरामऊ। क्षेत्र के सबलपुर गांव में हुए पिता-पुत्र के हत्याकांड के तीन आरोपियों ने वारदात के 13 दिन बाद कन्नौज कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इस हत्याकांड में पांच आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
क्षेत्र के सबलपुर गांव में चार सितंबर की सुबह सुरेश चंद्र व बेटे कमलेश पर गांव के कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। इसमें उपचार के दौरान सुरेश चंद्र (65) व कमलेश (45) की मौत हो गई जबकि सुरेश की पत्नी बिट्टन देवी को गंभीर हालत में कानपुर में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने छह सितंबर को हत्याकांड के आरोपी ग्राम सबलपुर निवासी भूरे कठेरिया, रजनीश, मीना उर्फ मना, सीमा और किताबश्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दोहरे हत्याकांड के आरोपी लालू, दिनेश और रंजीत ने शनिवार को कन्नौज की सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने में शामिल पांच हत्यारोपी अभी भी फरार चल रहे है। जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि जल्द फरार हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।