तालग्राम। तेराजाकेट मार्ग पर निकवा गांव के पास मंगलवार को बाइक और मोपेड की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी भेजा गया।
तालग्राम कस्बे के मोहल्ला गढ़ी निवासी मोहम्मद कैफ (35) मंगलवार को बाइक से तेराजाकेट की ओर से घर लौट रहे थे। निकवा गांव के पास सामने से नरमऊ निवासी मोहम्मद जहीर (28) की मोपेड से भिड़त हो गई। वह पिता रज्जाक (60) के साथ गदनापुर कांजी गांव से लौट रहे थे। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। डायल 112 पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। वहां से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी रंजना पांडेय ने बताया कि बाइक और मोपेड की भिड़ंत में तीन लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (35)