बुधवार को गंगा में नहाते समय तीन दोस्त डूब गए। गोताखोरों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक घंटे बाद दो के शव मिले। उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर में रहने वाले अनुज कश्यप (25) पुत्र पप्पू कश्यप और बृजेश कश्यप (22) पुत्र रामकुमार परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। दो दिन पूर्व दोनों दोस्त अपने पैतृक गांव सुल्तानपुर आए थे।
बुधवार को गांव में रहने वाले मनीष कुमार पुत्र धर्मेंद्र के साथ बाइक से महादेवी घाट कन्नौज स्नान करने आए थे। घाट पर नहाते समय अचानक बृजेश का सीढ़ियों से पैर फिसल गया और वह तेज पानी की धारा में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अनुज और मनीष भी डूबने लगे। चीख पुकार सुनकर पहुंचे गोताखोरों ने मनीष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि अनुज और बृजेश गंगा की धारा में लापता हो गए।
कोतवाली प्रभारी एके सिंह ने गोताखोरों से अनुज और बृजेश की तलाश कराई। करीब एक घंटे बाद गोताखोरों ने अनुज और बृजेश के शवों को गहरे पानी में खोजकर बाहर निकाला। पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने बताया कि गंगा में डूबकर मरने वाले युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई।