छिबरामऊ (कन्नौज)। ग्राम सलेमपुर बुद्ध विहार के पास जीटी रोड पर गुरुवार की देर रात एक डंपर और ट्रैक्टर की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे की चपेट में आने से एक किशोर समेत तीन की दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर सौ शैया अस्पताल भिजवाया है।
अलीगढ़ जिले के थाना इगलास अंतर्गत नगला किशोर निवासी अर्जुन ठेकेदार (36 वर्ष) ने बताया कि वह लखनऊ के गंगागंज स्थित सावित्री रवि बाबू ईंट भट्टा पर ट्रैक्टर से कच्ची ईंटों को ढोने का काम करते हैं। अर्जुन अपने 16 वर्षीय बेटे ऋतिक और पड़ोस के गांव हैबतपुर निवासी विष्णु (25 वर्ष) के साथ ट्रैक्टर से वापस गांव जा रहे थे। जैसे ही उनका ट्रैक्टर छिबरामऊ के सलेमपुर बुद्ध विहार के पास जीटी रोड पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। इसके बाद अनियंत्रित डंपर ने सामने से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक अर्जुन, उनका बेटा ऋतिक और साथी विष्णु गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों और मृत बाइक सवार को सौ शैया अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने ऋतिक और विष्णु को मृत घोषित कर दिया जबकि अर्जुन ठेकेदार का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।
हादसे में ऋतिक (16) पुत्र अर्जुन दिवाकर, निवासी नगला किशोर, पोस्ट चंद्रपुरी, थाना इगलास, जिला अलीगढ़ की मौत हो गई। उसके परिवार में मां मिथिलेश, भाई जितिन और बहन अश्विनी हैं।वहीं, विष्णु (25) पुत्र भक्तु सिंह, निवासी हैबतपुर, पोस्ट चंद्रपुरी, थाना इगलास, जिला अलीगढ़ की भी मौत हो गई। उसके परिवार में मां ओमवती और भाई कन्हैया हैं। इसके अलावा एबाइक सवार राधा मोहन कठेरिया (18) ग्राम असेह थाना तालग्राम जिला कन्नाैज की माैत हो गई। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। दुर्घटना के बाद जीटी रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बहाल करा दिया था।