छिबरामऊ। प्रेमी के साथ अवैध संबंधों का विरोध करने पर पत्नी ने पति को जान से मरवाने की धमकी दी। पति का आरोप है कि पत्नी पहले से शादीशुदा है। ससुरालीजनों ने पहली शादी की जानकारी नहीं दी और धोखे से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में उसके साथ शादी करा दी।
तालग्राम क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि 27 जनवरी को तालग्राम में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में उसकी शादी हुई थी। कुछ दिन बाद उसे पत्नी के पहले से ही शादीशुदा होने की जानकारी हुई। आरोप है कि पत्नी गांव के ही युवक के साथ संबंध थे, जिस कारण पति छिबरामऊ की एक काॅलोनी में पत्नी के साथ उसके मायके में आकर रहने लगा। यहां परिवार के भरण-पोषण के लिए ई-रिक्शा चलाने लगा। पड़ोसियों ने बताया कि उसके न रहने पर एक युवक घर आता है। पति ने उसका मोबाइल चेक किया, तब उसे प्रेम-प्रसंग की जानकारी हुई। विरोध करने पर पत्नी ने उसे जान से मरवा देने की धमकी दी। आरोप है कि पत्नी शादी में दिए गए जेवरात भी वापस नहीं कर रही है। साथ ही प्रेमी के साथ तीसरी शादी करने की धमकी दे रही है। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।