कन्नौज। सभासद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा करने पर समाजसेवी को दो युवकों ने तमंचा लगाकर चुनाव न लड़ने की धमकी दी। आरोपियों ने कहा कि अगर वह चुनाव लड़ेगा तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर असलहों के साथ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
शहर के सरायमीरा निवासी समाजसेवी सुबोध कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार की रात देविन टोला निवासी आशू मिश्रा और रुद्रप्रताप उर्फ रज्जू ठाकुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उन्होंने वार्ड सात से सभासद के पद पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पांच अक्तूबर को वह अंधे मोड़ के पास खड़े थे। तभी दोनों युवकों ने तमंचा लगाकर धमकी देते हुए कहा कि वह चुनाव नहीं लड़ेगा। मामला दर्ज होने के बाद सरायमीरा चौकी प्रभारी अवनेश कुमार ने केकेसीएन इंटर कॉलेज के पास आशू मिश्रा और रुद्रप्रताप को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से पुलिस ने एक-एक तमंचा बरामद किया। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।