आबकारी टीम ने खाड़ेदेवर गांव की गिहार बस्ती में
छापा मारकर 50 लीटर बनी हुई शराब बरामद की। दो हजार लीटर लहन मौके पर नष्ट
किया गया। कार्रवाई के दौरान गिहार बस्ती के अधिकांश पुरुष मौके से भाग
निकले।
पंचायत चुनाव के दौरान धड़ल्ले से बिक रही कच्ची शराब के मामले
को संज्ञान में लेकर डीएम के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी दिनेश चंद्र
कटियार ने आबकारी निरीक्षक पीके सोनकर, महेंद्र कौशल, आरक्षी वीपी
दीक्षित, शिवसागर, करन सिंह यादव, गुलाब चंद्र, नितीष दीक्षित के साथ गिहार
बस्ती में छापा मारा।
टीम ने घरों में घुसकर रखे गए 20 लीटर की कैन में
भरे लहनों को जमीन से बाहर निकालकर नष्ट कर दिया। कई कैनें बाहर खेतों में
भी छुपाकर रखी गई थी। इस दौरान बस्ती की कुछ महिलाओं ने विरोध किया, पर
पुलिस के कड़े रुख के चलते सभी वापस लौट गई।
आबकारी टीम के मुताबिक करीब दो
हजार लीटर लहन मौके पर नष्ट किया गया है। सैकड़ों खाली पालीथिन भी बरामद
की गई है। 50 लीटर शराब भी मौके से मिली है।