कन्नौज। चोरों ने लोहिया पार्क स्थित सहायक उद्यान निरीक्षक के आवास को निशाना बनाया। आवास का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवर और गृहस्थी का सामान पार कर दिया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है।
जिला उद्यान विभाग कार्यालय में तैनात सहायक उद्यान निरीक्षक अनुज कुमार के पास राजकीय पौधशाला मानपुर का प्रभार है। इससे लोहिया पार्क परिसर में पौधशाला में स्थित सरकारी आवास में वह रहते है।
शुक्रवार को वह रक्षा बंधन पर्व पर घर चले गए थे। इस दौरान चोरों ने आवास का ताला तोड़ दिया। घर के अंदर से करीब तीन लाख के जेवर, इन्वर्टर, एलईडी, कार्यालय के अभिलेखों को पार कर दिया। सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही वह आवास पहुंचे। इस दौरान आवास के पास बाग में टूटे बक्से और बिखरा सामान मिला।
कोतवाली में तैनात निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि चोरों की तलाश में छानबीन की जा रही है। जल्द चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।