जलालाबाद (कन्नौज)। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के मां शीतला देवी इंटर कॉलेज में सो रहे पॉलिटेक्निक में आउटसोर्सिंग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को गोली मारकर घायल कर दिया गया। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां से कानपुर रेफर कर दिया गया है।
डिगसरा गांव निवासी विजय कुमार वर्मा (32) तीन लोगों गांव के ही विनय, प्रधानाचार्य के रिश्तेदार कृष्ण कुमार व तिर्वा के दिवान के साथ मां शीतला देवी इंटर कालेज की छत पर लेटे थे। शनिवाररात 12 बजे चारपाई पर सो रहे विजय कुमार के पीठ में गोली मार दी गई।
गोली की आवाज सुन पास में लेटे अन्य लोग भी जाग गए। गोली लगने की सूचना घायल ने अपने परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। कोतवाल टी पी वर्मा पूछताछ के लिए विनय व कृष्णकुमार को कोतवाली ले गए। जसोदा चौकी प्रभारी अमित पोरवाल को विजय कुमार ने बताया कि उसका एक दिन पहले रास्ते के निकास को लेकर झगड़ा हुआ था।
गांव के चार लोगों ने शराब पीकर गाली गलौज की थी और गोली मारने की धमकी दी थी। कालेज के प्रधानाचार्य अनुज कुमार वर्मा ने बताया कि विजय कुमार दस साल से रात को विद्यालय में सोता था। घटना वाले दिन वह 10 बजे घर से खाना खाकर आ गया था। गांव का एक लड़का व दो रिश्तेदार साथ थे।
सभी लोग सड़क की ओर सोए थे। रात 12 बजे बिजली जाने के बाद घटना हुई। गोली मारने वालों ने विद्यालय के किसी चीज को हाथ नहीं लगाया। विजय की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। सीओ शिव प्रताप सिंह का कहना है कि गुरसहायगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।