नजरापुर। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने शुक्रवार रात कमरे में तेज आवाज में गाने बजाए और इसके बाद चादर से फंदा लगाकर जान दे दी। युवक की पत्नी आठ माह पहले अपने मायके चली गई थी। ससुराल आने से मना कर दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की और शव का पोस्टमार्टम कराया।
तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहिल्लापुर निवासी सनी (24) मजदूरी करता था। पिता प्रेम बाबू कमल ने बताया कि सनी की शादी वर्ष 2020 में जलेसर के बारामऊ सराय निवासी करिश्मा के साथ हुई थी। उसकी एक बेटी है। पिछले साल रक्षा बंधन में करिश्मा मायके गई थी, जिसके बाद वह वापस नहीं आई।
मायके पक्ष ने शादी में 8.50 लाख रुपये खर्च होने की बात कही थी। इसके बाद समझौता हुआ था और 2.50 लाख रुपये सनी के ससुरालीजनों ने मांगे थे। 15 जून को 2.50 लाख रुपये देने थे, जिससे वह परेशान रहता था। शुक्रवार रात सनी अपने कमरे में चला गया और तेज आवाज में गाने बजाए।
काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो कमरे में जाकर देखा तो उसका शव कुंडे में चादर से लटकता मिला। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।