हसेरन। मजाक में ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार युवक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। मौके पर ही बाइक सवार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों में चीखपुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई है।
घटना सौरिख थाना क्षेत्र के नादेमऊ क्षेत्र हुई। जगदीशपुर गांव निवासी अतुल उर्फ भूरा (22) टड़ा रायपुर गांव में सब्जी की दुकान लगाता था। उसके पिता रामनिवास शाक्य ने बताया कि दुकान लगाने के बाद दोपहर लगभग 12 बजे बाइक से खाना खाने घर जा रहा था। गांव में बंबा की पुलिया के पास सामने से आए कांकरकुई गांव निवासी ट्रैक्टर चालक ने अतुल की बाइक के सामने ट्रैक्टर लगाकर उसे रोक लिया।
कुछ देर तक दोनों आपस में बातें करते रहे। आरोप है कि बातों ही बातों में चालक ने ट्रैक्टर को स्टार्ट कर आगे बढ़ा दिया। ब्रेक न लग पाने के कारण ट्रैक्टर बाइक सवार को रौंदते हुए निकल गया और आगे जाकर पलट गया। हादसे से घबराया ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला।
मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों में चीखपुकार मच गई। परिजनों के अनुसार मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था। अभी अविवाहित था। कोतवाल सचिन सिंह ने कहा कि हादसे की तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
शिवपाल ने परिजनों को बंधाया ढांढ़स
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव व जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव इलाके में सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव के समर्थन में जनसंपर्क करने आए थे। हादसे की सूचना होने पर शिवपाल सिंह अपने काफिले के साथ गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों को ढांढ़स बंधाया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य भी गांव पहुंची। मौजूद पुलिस कर्मियों से हादसे की जानकारी लेते हुए हादसे पर शोक व्यक्त किया।