घर से गुजरात जाने के लिए निकले युवक का शव जसोदा कसबे में रेलवे लाइन पर पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव महेशपुर निवासी सुरेश चंद्र पाल का पुत्र पिंकू उर्फ हरिश्चंद्र (18) सोमवार शाम तीन बजे घर से गुजरात जाने के लिए निकला था। उसे पांच बजे गुरसहायगंज में ट्रेन पकडनी थी। सुबह होने पर उसका शव जसोदा रेलवे स्टेशन के निकट प्लेटफार्म नंबर एक पर पड़ा मिला। जानकारी होते ही आसपास के कई लोग मौके पर पहुंच गए। घंटों बाद लोगों ने उसकी शिनाख्त पिंकू के रूप में की।
तलाशी में उसकी जेब में गुरसहायगंज से मथुरा का रेलवे टिकट मिला। इसके अलावा उसका मोबाइल फोन भी मिला। इसमें आने व जाने वाली काल डिटेल पूरी तरह से डिलीट थी। पिता ने आशंका जताई की पिंकू की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया है। कोतवाली प्रभारी गुरसहायगंज अरविंद मोहन जायसवाल का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल की काल डिटेल खोलेगी राज
जसोदा में रेल पटरी पर युवक पिंकू का शव मिलने के मामले का राज उसके मोबाइल फोन की काल डिटेल खोल सकती है। पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। इसे सर्विलांस में लगाया जाएगा। सर्विलांस में पता किया जाएगा कि घटना से पूर्व उसने किससे बात की। इसके बाद मामले की गुत्थी सुलझ सकती है। मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है।