छिबरामऊ। दो मई को जनपद के एक गांव निवासी युवक बरात जाने से पहले युवक को फोन कर धमकी दी गई। कहा कि युवती से शादी की तो जान से मार देंगे। मामले की जानकारी होने पर युवती के भाई ने कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत करते हुए शादी के दिन सुरक्षा के इंतजाम कराए जाने की मांग की है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि बहन की शादी दो मई को है। शादी की सभी तैयारी पूरी हो चुकी हैं। इस बीच कोई युवक उसके होने वाले बहनोई को फोन कर बहन को बदनाम करने के लिए गलत बातें कर रहा है। युवक ने बहनोई के फोन पर गलत फोटो भी भेजी हैं। साथ ही धमकी दे रहा है कि अगर बहन से शादी की तो जान से मार देंगे। शादी वाले दिन बरात लेकर आने पर उसे गोली मारने की धमकी दे रहा है। भयभीत होकर युवक ने यह जानकारी युवती के परिजनों को दी।
युवती के भाई ने कार्रवाई के लिए पुलिस को फोन करने वाले युवक की कॉल रिकार्डिंग सौंपते हुए शादी के दिन सुरक्षा के इंतजाम कराए जाने की मांग की। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच के लिए सर्विलांस टीम की मदद ली जाएगी। शिकायत सही मिलने पर धमकी देने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।