प्रेमपुर। प्रेमपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम नगला मान निवासी विकास (24) की शादी अप्रैल में सरायप्रयाग चौकी क्षेत्र के किसी गांव निवासी युवती के साथ हुई थी। मंगलवार की सुबह नाराज होकर वह घर से निकल गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की। उसका कहीं पता नहीं चल पाया। उधर,देर शाम पुलिस को पेड़ पर शव लटका मिला।
इसके बाद परिजनों ने चौकी पुलिस को मामले की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी इंचाई नीरज शर्मा ने सर्विलांस टीम की मदद ली। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस लापता युवक को तलाशते हुए गांव के बाहर काली नदी के किनारे पहुंची। वहां पर पुलिस ने युवक के शव को एक पेड़ से गमछे के फंदे में लटका पाया। शव मिलते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि विकास के एक भाई व तीन बहनें हैं। विकास की मौत से पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। कोतवाल विष्णुकांत शर्मा ने बताया कि प्रेमपुर चौकी पुलिस मौके पर जांच पड़ताल कर रही है। परिजनों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।