पहली नवंबर को सुबह आठ बजे से जिले के आठों ब्लाकों
के लिए सात स्थानों पर मतगणना शुरू कर दी जाएगी। कन्नौज सदर व गुगरापुर
विकास खंडों की मतगणना नवीन मंडी समिति जीटी रोड़ पर होगी। अन्य ब्लाकों की
मतगणना संबंधित क्षेत्र में ही होगी। क्षेत्र पंचायत सदस्य के 682 पदों पर
3,943 उम्मीदवार मैदान में हैं।
28 जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 639
प्रत्याशियों ने भी अपना-अपना भाग्य आजमाया है। दोनों पदों पर कुल 710
प्रत्याशी विजयी घोषित होंगे, जबकि 4,582 उम्मीदवार के लिए चुनाव हो चुका
है। विजयी होने वाले प्रत्याशियों की दीवाली जमकर मनेगी। मतगणना ब्लाकों
में न्याय पंचायतवार शुरू होंगी।
जिस ब्लॉक में जितनी पंचायतें होंगी, उतनी
की मतगणना के लिए टेबल लगाई गईं हैं। एक न्याय पंचायत की दो टेबल लगेंगे।
दो टेबलों को एक गिना जाएगा। इनमें एक पर बीडीसी व दूसरे पर उसी क्षेत्र के
डीडीसी पद के लिए एक साथ मतगणना शुरू होगी।
एक टेबल पर चार मतगणनाकर्मी व
एक पर्यवेक्षक के हिसाब से जिले में कुल 1,810 मतगणना कार्मिकों को
जिम्मेदारी सौंपी गई है। मतगणना के दौरान सीसीटीवी कैमरे लगाने का आदेश तो
निर्वाचन आयोग ने नहीं दिया है, पर वीडियोग्राफी जरूर होगी।
हालांकि,
स्ट्रांग रूम में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश हो चुके हैं। उधर, मतगणना
सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। दो घंटे पहले सभी को मतगणना स्थलों पर
पहुंचने के आदेश दिए गए हैं। पहली शिफ्ट 12 घंटे की होगी। रात आठ बजे से
दूसरी शिफ्ट शुरू हो जाएगी।
इस बाबत सीडीओ उदयराज यादव का कहना है कि अगर
तीसरे शिफ्ट में मतगणना की गुंजाइश होती है, तो पहली शिफ्ट में ड्यूटी करने
वाले इसमें लगाए जाएंगे। उधर, मतगणना के दौरान परिणामों की घोषणा संबंधित
रिटर्निंग आफीसर की अनुमति के बाद की जाएगी।
क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए
न्याय पंचायत के हिसाब से सहायक रिटर्निंग आफीसर लगाए गए हैं। कुल 81 न्याय
पंचायतें जिले में हैं। हर ब्लॉक में एक-एक रिटर्निंग आफीसर भी तैनात हैं।
इसी तरह जिला पंचायत सदस्य पद के लिए आठों ब्लाकों के 28 वार्डों के
लिए एक-एक एआरओ व सभी डीडीसी पदों के लिए एक आरओ की तैनाती है।
एक ब्लॉक
क्षेत्र की संबंधित स्थान पर ही बीडीसी व डीडीसी की मतगणना होगी। बीडीसी के
विजयी होने वाले प्रत्याशियों की घोषणा ब्लॉक में ही होगी। वहीं डीडीसी के
विजयी होने वाले उम्मीदवारों की घोषणा जिला मुख्यालय से होगी। ब्लाकों में
केवल गिनती और आनलाइन ब्योरा फीड किया जाएगा।
उनको प्रमाण पत्र भी कन्नौज
से ही मिलेगा। वहीं दूसरी ओर बीडीसी के करीब एक दर्जन प्रत्याशी जिनके
निर्विरोध निर्वाचित होने का रास्ता पहले ही साफ हो चुका है, जिनको जीत के
प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।