ग्राम तेरारब्बू में गलियों का निर्माण न होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रभारी एडीओ पंचायत को बंधक बना लिया। बाद में बीडीओ ने बुधवार से गली बनाए जाने के आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने एडीओ को मुक्त किया।
ब्लाक तालग्राम के ग्राम तेरारब्बू की गलियां गंदे पानी और से बजबजा रही हैं। सोमवार को हुई बारिश के बाद गलियों की हालत और दयनीय हो गई। इससे लोगों को निकलने में दिक्कते हुई। इसी दौरान एडीओ पंचायत संतोष दुबे किसी काम से गांव पहुंचे। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने एक मंदिर के बाहर घेरकर उनको बंधक बना लिया और नारेबाजी शुूर कर दी।
गांव के संतोष तिवारी, सुनील, देेवेश मिश्रा, रामू सविता, प्रवीन चतुर्वेदी, कृष्णचंद्र, मुन्ना तिवारी ने बताया कि गांव की कई गलियां क्षतिग्रस्त हैं। इनमें भरी गंदगी के चलते बीमारी फैलने का भी डर है।
मामले में डीएम, सीडीओ, एसडीएम को शिकायती पत्र दिया जा चुका है, पर कोई निराकरण नहीं हुआ। खस्ताहाल सड़कों के कारण गलियों में एंबुलेंस नहीं जा पाती है। इससे मरीजों को अस्पताल भेजने में भी दिक्कतें आ रही हैं। उधर बंधक बनाए जाने के बाद प्रभारी एडीओ पंचायत ने प्रधान पुत्र विनोद गौतम से बात की। इस पर वह मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की बात बीडीओ तालग्राम से मोबाइल पर कराई गई। बुधवार से गली का निर्माण कराए जाने के आश्वासन के बाद उन्हें बंधक मुक्त कर दिया गया। बाद में प्रभारी एडीओ पंचायत ने खुद को बंधक बनाए जाने की बात से इंकार किया। कहा कि ग्रामीणों ने गली बनाए जाने संबंधी वार्ता की थी।