सरायप्रयाग में सोमवार रात चोरों ने तीन दुकानों के
शटर तोड़कर हजारों की नगदी व सामान चोरी कर लिया। एक अन्य दुकान में चोरी
का असफल प्रयास किया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मामले की छानबीन
शुरू कर दी है। वहीं व्यापारियों ने विरोध जताते हुए जल्द खुलासे की मांग
की।
सरायप्रयाग में डा. पीके कटियार की जीटी रोड पर खाद व कीटनाशक दवाओं
की दुकान है। सोमवार की रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर 70 हजार की नगदी
व 40 हजार कीमत की कीटनाशक दवाइयां पार कर दी। उनकी दुकान के पड़ोस में
स्थित अंग्रेजी शराब ठेका का शटर तोड़ दिया।
ठेका मालिक अरविंद यादव के
मुताबिक चोर ठेके में रखी 20 हजार की नगदी व 30 हजार की अंग्रेजी शराब चुरा
ले गए। इसके बाद चोरों ने कौशल कटियार की दुकान में पीछे से सेंध लगाकर
गोलक में रखे 10 हजार रुपये की नगदी पार कर दी। बाद में मुख्य बाजार स्थित
रामू ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चोरी का असफल प्रयास किया।
इस
दौरान खटपट की आवाज सुनकर लोग जाग गए। इस पर चोर भाग निकले। सोमवार की रात
हुई इन घटनाओं की जानकारी मंगलवार की सुबह होने पर कस्बे में सनसनी फैल गई।
मौके पर तमाम व्यापारियों की भीड़ लग गई। सूचना पाकर कोतवाल संतोष व्यास
मौके पर पहुंचे और लोगों से पूछताछ की।
चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापार
मंडल नगर अध्यक्ष नवीन चंद्र कटियार, महामंत्री सत्यप्रकाश प्रजापति ने
नाराजगी जताते हुए जल्द खुलासे की मांग की। कोतवाल से कहा कि क्षेत्र में
रात में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।