शहर के बोर्डिंग मैदान में चल रहे राज्य कैशमनी
क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को फाइनल मैच खेला गया। इसमें शाकिब की
तूफानी बल्लेबाजी से गंजडुंडवारा की टीम ने विजय हासिल की।
जिला क्रिकेट
एसोसिएशन द्वारा आयोजित हाजी मजहरुद्दीन सिद्दीकी एवं दयालदास ट्राफी के
लिए स्व. मथुरा प्रसाद पटेल ओपेन राज्य कैशमनी क्रिकेट प्रतियोगिता में
फाइनल मैच देखने भारी भीड़ उमड़ी। रेलवे कानपुर की टीम ने टास जीतकर पहले
बल्लेबाजी की। पूरी टीम 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 144 रन बना सकी।
इसमें
मुश्ताक ने 30, सुधीर ने 24, त्रिभुवन ने 18 रन का योगदान दिया। गेंदबाज
अरबाज ने 28 रन देकर तीन विकेट, शाकिर ने 25 रन देकर तीन विकेट झटके।
गंजडुंडवारा की टीम को 145 रनों का लक्ष्य जीतने को मिला, जिसको 18 ओवरों
में आठ विकेट खोकर हासिल कर लिया।
राहुल ने 10, रवि ने 10, शाकिब ने 79,
अभिषेक ने 22 रनों का योगदान दिया। रेलवे के गेंदबाज नीरज शर्मा ने 42 रन
देकर चार विकेट झटके। केके ने 46 रन देकर दो विकेट प्राप्त किए। मुख्य
अतिथि एसपी कलानिधि नैथानी ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्राफी व नगद
पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
मैन आफ दि सिरीज का पुरस्कार रेलवे टीम के
खिलाड़ी नीरज शर्मा को प्रदान किया। इस मौके पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के
मंत्री आरके शर्मा, समिति के चेयरमैन संजू सामवेदी, आलोक शुक्ला, नीरज
सामवेदी, जुबेर आदि मौजूद थे।