छिबरामऊ। आइजीआरएस पोर्टल पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत का निस्तारण करने पहुंची पालिका टीम पर गुरुवार को महिला व उसके दो बेटों ने हमला कर दिया। गालीगलौज करते हुए मारपीट की और पालिका कर्मियों के मोबाइल छीन लिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाया। साथ ही आरोपियों को कोतवाली ले गई। सूचना पर चेयरमैन व ईओ समेत पालिका कर्मियों कोतवाली पहुंच गए। कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।
नगर के मोहल्ला सुभाष नगर वार्ड संख्या 12 के लोगों ने आइजीआरएस पोर्टल पर घर के बाहर पटिया व सीढ़ी निकालकर आम रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की थी। जांच में शिकायत सही मिली। शाम को पालिका के जेसीबी चालक हरजापुर चौकी नवीगंज निवासी दीपक कठेरिया, टैक्स विभाग कर्मी सिकंदरपुर निवासी प्रदीप कश्यप और सफाई नायक बहवलपुर निवासी रमेश चंद्र यादव अतिक्रमण हटवाने के लिए पहुंचे थे। कर्मियों ने अतिक्रमण हटवाने के लिए कार्रवाई शुरू की। तभी गृहस्वामी महिला व उसके दो पुत्र घर से निकल आए और पालिका कर्मियों के साथ गालीगलौज करते हुए हमला कर दिया।
आरोप है कि जातिसूचक गालियां देते हुए इन लोगों ने मारपीट की और सरकारी आदेश व अन्य अभिलेख फाड़ दिए और एक पालिका कर्मी की सोने की चेन व जेब में पड़े दो हजार रुपये छीन लिए। मारपीट के दौरान तीनों पालिका कर्मियों के कपड़े भी फट गए। कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस व सेना में कार्यरत हैं आरोपी
पालिका कर्मियों के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों के पिता अरुणाचल प्रदेश में पुलिस महकमे में दरोगा हैं। इनका एक पुत्र सिपाही व सबसे बड़ा पुत्र एयरफोर्स में जलंधर में तैनात है। पिता व दोनों पुत्र इस समय छुट्टी पर घर आए हुए हैं। पुलिस महकमे से जुड़े होने के कारण स्थानीय पुलिस प्रशासन आरोपियों पर कार्रवाई करने से पहले तो बचता रहा। पालिका कर्मियों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस महकने में कार्रवाई शुरू की।
पीड़ित बोले न्याय न मिला तो होगा आंदोलन
मारपीट में घायल हुए जेसीबी चालक दीपक कठेरिया, टैक्स विभाग कर्मी प्रदीप कश्यप व सफाई विभाग के सफाई नायक रमेश चंद्र यादव ने बताया कि अगर पुलिस महकमे से न्याय न मिला तो सभी पालिका कर्मी मिलकर हड़ताल कर आंदोलन शुरू करेंगे।
मोहल्ले के लोगों को भी कर रखा था परेशान
19 अप्रैल को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मोहल्ले के नौ लोगों ने एसडीएम से शिकायत की थी। शिकायत में बताया कि आने जाने के लिए 12 फुट की गली है। पालिका कर्मियों से मारपीट करने वाले आरोपियों ने मकान के सामने चार फीट तक सीढ़ियां निकाल ली और मकान के तीनों तरफ चार फीट का छज्जा भी निकाल लिया है। विरोध करने पर यह लोग उनके साथ मारपीट पर आमादा हो गए। आरोप है कि विरोध करने पर यह लोग उन सभी का गला तक पकड़ चुके हैं। साथ ही विरोध करने वालों के साथ अक्सर गाली गलौज करते हुए धमकी देते रहते हैं।