तिर्वा। बहू से लूटपाट के करने के मामले में सास ने तांत्रिक व लड़की के फूफा पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनौगी थाना के वहिलियन पूर्वा गांव निवासी विमलेश देवी ने बताया कि बहू अर्चना की कुछ दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। ठठिया थाना क्षेत्र में स्थित भतीजे के हॉस्पिटल में इलाज करवा रही थी। तभी बहू के फूफा ठठिया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी लक्ष्मी नारायण आए और इलाज से आराम न मिलने पर तांत्रिक से सही करवाने की बात करते हुए घर ले गए। पीड़िता ने बताया कि तांत्रिक से इलाज करवाने के लिए मना किया तो वह मारपीट कर दबाव बनाने लगे और जबरन एक तांत्रिक को घर बुला लिया। तांत्रिक ने कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने एक सोने की जोड़ी झुमकी, एक सोने की एक चेन, एक जोड़ी चांदी की पायल समेत 35 हजार रुपये छीन लिए। वृहस्पतिवार को पीड़िता ने लक्ष्मीनारायण, तांत्रिक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर आगे कार्रवाई की जा रही है।