कन्नौज। जिले में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की परीक्षा की तैयारी अंतिम दौर में हैं। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि परीक्षा 14 व 15 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10 से 12 बजे तक होगी। द्वितीय पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शिता से कराने के लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था की गई है। इसमें केंद्र व्यवस्थापक, दो सहायक केंद्र व्यवस्थापक, एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट, एक सेक्टर मजिस्ट्रेट शामिल हैं। साथ ही एक केंद्र प्रभारी (पुलिस), एक केंद्र प्रभारी (परीक्षा संचालन) और एक केंद्र प्रभारी (पुलिस सुरक्षा) भी तैनात रहेंगे। कक्ष निरीक्षक और सहयोगी कक्ष निरीक्षक भी परीक्षा कार्य में लगाए जाएंगे। बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। परीक्षा कक्ष का सीटिंग प्लान दो प्रतियों में तैयार होगा, जिसमें केवल अनुक्रमांक अंकित होंगे।
परीक्षा केंद्र और क्षमता
उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस परीक्षा के लिए शहर में कुल आठ केंद्र बनाए गए हैं। इनमें गोमती देवी इंटर कॉलेज, जेपी गर्ल्स इंटर कॉलेज, केकेसीएन इंटर कॉलेज, केके इंटर कॉलेज शामिल हैं। मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, पीएसएम डिग्री कॉलेज, सेठ वासुदेव इंटर कॉलेज और सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज भी केंद्र हैं। प्रत्येक केंद्र पर 240 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है।
-