कन्नौज। ठठिया क्षेत्र के करसाह गांव में धर्मांतरण के एक बड़े मामले के मुख्य मास्टरमाइंड कांतिलाल अब्राहम की तलाश में पुलिस की विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अपनी दबिशें तेज कर दी हैं। कांतिलाल अब्राहम, जो कथित तौर पर विदेशी फंडिंग के जरिए धर्मांतरण कराने के रैकेट का सरगना है, पुलिस की पकड़ से लगातार बच रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी लोकेशन अलीगढ़ में मिली थी, जिसके बाद एसआईटी ने वहां दबिश दी, लेकिन वह वहां से भी भागने में सफल रहा।
पुलिस को पहले यह सूचना मिली थी कि कांतिलाल अब्राहम झांसी में छिपा हो सकता है। उसकी पत्नी वहां एक मिशनरी स्कूल का संचालन करती है। मूल रूप से आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम जिले का रहने वाला कांतिलाल, झांसी में भी पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। वहां दबिश देने के बाद पुलिस लौट आई, लेकिन बाद में मुखबिरों से पता चला कि वह अलीगढ़ में शरण लिए हुए है। 16 जनवरी को एसआईटी की टीम अलीगढ़ पहुंची, लेकिन तब तक कांतिलाल वहां से भी निकल चुका था।
इनसेट-
विदेशी फंडिंग और ''''नवाकांति सोसाइटी'''' का खुलासा
पुलिस के अनुसार कांतिलाल अब्राहम ने ''''नवाकांति सोसाइटी'''' नामक एक संस्था का गठन किया है, जिसके माध्यम से उसे बड़े पैमाने पर विदेशी फंडिंग प्राप्त होती है। इसी धन का इस्तेमाल कथित तौर पर लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रलोभन देने और उन्हें धन का लालच देने के लिए किया जा रहा है। यह मामला जिले में गहरी चिंता का विषय बना हुआ है। धर्मांतरण रैकेट के संबंध में पुलिस ने कई लोगों को पूछताछ के लिए उठाया था। गहन जानकारी जुटाने के बाद मंगलवार शाम को उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस का मानना है कि कांतिलाल अब्राहम इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार है और उसके पकड़े जाने से धर्मांतरण के इस रैकेट का पूरा सच सामने आ सकेगा।
इनसेट
एलएलबी छात्रा को पुलिस ने छोड़ा
ठठिया थानाध्यक्ष देवेश कुमार व सर्विलांस प्रभारी त्रदीप सिंह ने कांतिलाल के सहयोगी डेविड की मदद करने वाली एलएलबी छात्रा को गुरसहायगंज क्षेत्र से पूछताछ के लिए बुलाया था। वह अपने ताऊ के साथ थाने पर पहुंची लेकिन उसकी कोई भूमिका न होने पर पूछताछ के बाद घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि संदेह के आधार पर लोगों को बुलाकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक करीब 24 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।
इनसेट-
जल्द होगा धर्मांतरण का पर्दाफाश : एसपी
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि एसआईटी अब कांतिलाल अब्राहम के संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रखे हुए है और उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है। ठठिया थाने और कानपुर देहात में प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है और इनकी विवेचना चल रही है।