अवैध शराब पीने से लखनऊ व उन्नाव में हुए हादसे के बाद तहसील प्रशासन ने मंगलवार को अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया। एसडीएम महेश चंद्र शर्मा, तिर्वा कोतवाली प्रभारी आरपी पांडेय, आबकारी निरीक्षक महेंद्र कौशल के संयुक्त निर्देशन में भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र के धारानगर, अहेर, बलनपुर, बुद्धापुर्वा, दिलीपनगर में छापे मारे।
इस दौरान करीब 125 लीटर तैयार शराब, दर्जनों भट्टियां, शराब बनाने के उपकरण के साथ करीब तीन हजार लीटर लहन बरामद किया। लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं दो ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान ग्रामीण घरों में ताले लगाकर भाग गए।
मंगलवार दोपहर दो बजे आधा दर्जन गाड़ियों के काफिले के साथ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी धारानगर गांव पहुंचे। गांव की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान दो घरों से तैयार शराब, शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए। दो युवकों को भी हिरासत में लिया गया। इसके बाद काफिला अहेर गांव की गिहार बस्ती में पहुंचा।
इससे वहां हड़कंप मच गया। लोग घरों को छोड़कर भाग निकले। तलाशी में करीब आधा दर्जन घरों में कई बोतलों में बनी अवैध शराब बरामद हुई। यहां करीब दो हजार लीटर लहन नष्ट किया गया। इसके बाद बलनपुर गिहार बस्ती के बुद्धापुर्वा गांव अधिकारी पहुंचे।
यहां भी पुलिस ने घेराबंदी कर घर-घर में तलाशी अभियान चलाया। घरों में तो शराब नहीं मिली पर खेतों में व घूरों के ढेरों में दर्जनों स्थानों पर शराब बरामद हुई। करीब एक हजार लीटर लहन भी नष्ट किया गया। इसके बाद दिलीप नगर गांव से करीब 40 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
पहले ही मिल गई छापे की सूचना
अवैध शराब बनाने के कारोबार में जुटे लोगों का नेटवर्क कितना तेज है। इसका नजारा छापे के दौरान देखने को मिला। धारानगर गांव से अधिकारियों का काफिला जब अहेर की गिहार बस्ती की ओर मुड़ा तो घरों में रखी सैकड़ों लीटर शराब मौजूद महिलाओं ने आसपास के खेतों में उड़ेल दी। गांव में मौजूद पुरुष खेतों की ओर भाग गए। इसी तरह से काफिला जब बुद्धापुर्वा गांव पहुंचा तो वहां भी छापे की सूचना पहले ही पहुंच गई।
विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
कोतवाली क्षेत्र के चार गांवों में बरामद हजारों लीटर लहन व निर्मित शराब के मामले को लेकर जिले के आबकारी विभाग पर प्रश्न चिन्ह खड़ा हो गया। मौजूद एसडीएम महेश चंद्र शर्मा ने भी इतनी बड़ी बरामदगी पर आश्चर्य जाहिर किया। मौजूद आबकारी निरीक्षक से भी सवाल किया कि आबकारी विभाग अब तक क्या करता रहा। इस पर आबकारी निरीक्षक का कहना था कि उसकी नियुक्ति एक माह पहले ही हुई है।
क्षेत्र में चलाया जाएगा अभियान
एसडीएम महेश चंद्र शर्मा ने बताया कि मंगलवार को चलाए गए तलाशी अभियान की विस्तृत रिपोर्ट डीएम को भेजी जा रही है। साथ ही तहसील क्षेत्र में अवैध शराब की बरामदगी को लेकर एक व्यापक अभियान छेड़ा जाएगा। इसमें स्थानीय पुलिस, पीएसी व आबकारी विभाग की टीमें साथ में होगी। इसके लिए डीएम व एसपी को लिखा जा रहा है।