पालिका रोड पर बंद पड़ी सर्राफ की दुकान का शटर काटने
से हड़कंप मच गया। जानकारी होते ही मौके पर सर्राफा व्यवसायी समेत लोगों
की भीड़ जुट गई। कोतवाली पुलिस ने तहरीर पर आरोपी की पत्नी को हिरासत में
ले लिया। उधर, सौरिख कस्बे में पोस्ट ऑफिस के सामने पुराने धर्मशाला में
स्थित मेडिकल स्टोर की दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने हजारों रुपये की नगदी व
कीमती दवाएं पार कर दिए।
चोरों ने इसके अलावा सकरावा तिराहा पर स्थित शराब
ठेके पर भी चोरी का प्रयास किया। मोहल्ला त्रिपाठीनगर निवासी कृष्णकांत
त्रिपाठी की पालिका रोड पर कांत ज्वैलर्स के नाम से सर्राफे की दुकान है।
इस दुकान पर पिछले काफी समय से रामकरन यादव से दुकान खाली कराने को लेकर
विवाद चल रहा है।
मामला कोर्ट में विचाराधीन है और दुकान पर स्थगनादेश भी
मिला हुआ है। तिवारी ने बताया कि इसके बाद बावजूद रामकरन और उसके पुत्रों
संजू और सोनू ने जबरन दुकान में ताले डाल दिए। दुकान के अंदर ज्वैलरी,
तिजोरी और नगदी बंद है। शनिवार को उक्त लोगों ने उनकी दुकान का शटर काट
दिया।
जानकारी होते ही वह मौके पर पहुंचे,तब वह लोग भाग गए। उन्होंने मामले
की सूचना पुलिस को दी। कोतवाल अरविंद मोहन जायसवाल ने कस्बा इंचार्ज गणेश
प्रसाद मिश्रा को मौके पर भेजा। बाद में वह आरोपी की तलाश में घर गए। वहां
से वह उसकी पत्नी को कोतवाली ले आए।
इस बीच कोतवाली में लोगों की भीड़
जुट गई। तभी वह महिला मौका देखकर कोतवाली से खिसक गई। महिला को गायब देख
दरोगा घबरा गया। वह महिला सिपाही को साथ लेकर उसकी तलाश में निकले। काफी
दूर जाने के बाद किसी तरह वह महिला को दोबारा कोतवाली लेकर आए। बाद में
दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद महिला को छोड़ दिया गया।
इस मामले में
सर्राफा व्यवसायी ने कोतवाली में तहरीर दी है। उधर सर्राफे की दुकान में
हुई घटना की जानकारी होते ही व्यापारी मंडल के नगर अध्यक्ष सुरेश पेंटर,
जिला कोषाध्यक्ष नरेश वर्मा, सर्राफा व्यवसायी संघ के महामंत्री रामानंद
वर्मा, सभासद रमाकांत त्रिपाठी, हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष आशू तिवारी,
पुनीत दुबे, कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ओपी तिवारी आदि लोगों की
भीड़ कोतवाली में जुट गई।
उधर, सौरिख कस्बे के सीएसबी रोड निवासी राजीव
गुप्ता की पोस्ट ऑफिस के सामने पुराने धर्मशाला में विनीत मेडिकल स्टोर के
नाम से दुकान है। बताया कि शुक्रवार की रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद कर
घर चले गए। रात में किसी समय चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर गोलक में रखी 30
हजार रुपये की नगदी, जरूरी कागजात के अलावा लगभग 25 हजार रुपये कीमत दवाएं
पार कर दीं।
सुबह आने पर दुकान में हुई चोरी का पता चला। उन्होंने तहरीर
पुलिस को दी। उधर, चोरों ने सकरावा तिराहा पर अंग्रेजी शराब ठेके में चोरी
का प्रयास किया। चोर जब शटर के ताले तोड़ रहे थे। तभी दुकान के अंदर लेटे
सेल्समैन अनुराग की आंख खुल गई। उसने शोर मचाया तो चोर भाग निकले।