जलालाबाद। एसडीएम सदर वैशाली व नायब तहसीलदार राकेश कुमार शनिवार दोपहर 12 बजे औचक निरीक्षण करने सीएचसी पहुंचे। निरीक्षण में प्रभारी चिकित्साधिकारी ड्यूटी से नदारद मिले। प्रसव कक्ष में अंधेरा होने, गद्दा, चादर व शौचालय गंदा मिलने पर नाराजगी जताई और सुधार न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर कई खामियां मिलीं। शौचालय में गंदगी मिलने और गद्दे, चादर गंदे मिलने पर संबंधित कर्मचारी को फटकार लगाई। इस पर एसडीएम ने साफ-सफाई के निर्देश दिए। केंद्र पर उपलब्ध दवाइयों का चार्ट नहीं मिला। सार्वजनिक छुट्टी होने के कारण प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार ड्यूटी पर नहीं मिले। इमरजेंसी ड्यूटी पर डॉ. उदयवीर प्रताप, फार्मासिस्ट शशांक कटियार, सतेंद्र कुमार, स्टाफ नर्स रचना यादव, वार्ड बॉय लालजीत, स्वीपर अनिल कुमार मौके पर मिले। अवकाश के कारण मरीजों की संख्या कम रही। डॉ. उदय प्रताप ने इमरजेंसी में मरीजों को देखा व दवाइयां वितरित कीं। एसडीएम वैशाली ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सीएचसी के निरीक्षण में कई खामियां पाई गईं। सख्त हिदायत देकर छोड़ा गया है। यदि लापरवाही मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।