उत्तर प्रदेश की पहली मॉडल विधि विज्ञान प्रयोगशाला का निकवा में निर्माण हो रहा है। शनिवार को डायरेक्टर ने प्रयोगशाला का निरीक्षण कर कार्य प्रगति देखी। परियोजना मैनेजर को एक साल में गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
कन्नौज के तालग्राम विकास खंड के निकवा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के समीप करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन विधि विज्ञान प्रयोगशाला का शनिवार की दोपहर बाद निदेशक डा. श्याम बिहारी उपाध्याय व नोडल प्रभारी डिप्टी डायरेक्टर डा. एम खान व एसप्ी दिनेश कुमार पी ने निरीक्षण किया।
कन्नौज विधि विज्ञान प्रयोग शाला के नोडल प्रभारी डा. एम खान ने बताया कि विधि विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण आठ एकड़ में नौ मंजिला भवन के साथ 16 डिवीजन होंगी। जिसमें बिसरा, डीएनए, नकली स्टांप, नोट, मेडिकल लीव, फर्जी दस्तावेज, सील, बारूद, गोली के छर्रे समेत कई जांचे होंगी। प्रयोगशाला में प्रदेश के सभी जिलों की टिपिकल जांचों की छूट होगी।
भवन की प्रथम मंजिल बनते ही जांच कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस मौके पर सीओ सदर सुरेंद्र पाल सिंह, थानाध्यक्ष तालग्राम आरपी पांडेय, फोरेंसिक टीम प्रभारी मुमताज अली, वरिष्ठ लिपिक सुनील कुमार आदि रहे।