सदर विकास खंड क्षेत्र के गांव गंगधरापुर व जलालाबाद
ब्लाक के गांव जसोदा में बनकर तैयार खड़े माडल स्कूल को आगामी शैक्षिक सत्र
में संचालित कराने को जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को
जिलाधिकारी ने डीआईओएस के साथ पहुंचकर स्कूल भवनों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण
के दौरान जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि जिले में कुल तीन माडल
स्कूल हैं। इन सभी का समाजवादी अभिनव विद्यालय योजना के तहत संचालन कराया
जाएगा। फतेहपुर जसोदा में बिजली आपूर्ति की उपलब्धता, पेयजल व्यवस्था बेहतर
बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
कुछ स्थल पर अतिक्रमण पाया गया, जिसे जल्द
हटवाने को कहा गया। विद्यालयों के चारों तरफ बाउंड्रीवाल बनवाने के लिए
जिला विद्यालय निरीक्षक केपी सिंह यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है। गंगधरापुर
स्कूल में संपर्क मार्ग, विद्युतीकरण जैसी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के
निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।
उन्होंने बताया कि यहां भी अतिक्रमण
मिला, जिसे हटवाने की जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी को सौंपी गई। इस दौरान
डीआईओएस, अधिशासी अभियंता विद्युत पी राम, एसडीएम सदर सुनील शुक्ला,
प्रधानाचार्य शिवमोहन, लेखपाल विजयकांत शुक्ला, चौकीदार अजय अग्निहोत्री
आदि मौजूद थे।