तिर्वा। शादी के बाद दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने सीओ से न्याय की गुहार लगाते हुए पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी। सीओ के आदेश पर पुलिस ने तहरीर के आधार रिपोर्ट दर्ज की है।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी हजारा बेगम ने सीओ को तहरीर देते हुए बताया कि पांच साल पहले सौरिख थाना क्षेत्र के नगरिया तालपार गांव निवासी नईम खान के साथ परिजनों ने शादी की थी। शादी के कुछ महीनों बाद ससुरालीजन सौरिख में प्लाॅट खरीदने के लिए सात लाख रुपये की मांग करने लगे। दो माह पहले मांग पूरी न होते देख पति समेत ससुरालीजनों ने मारपीट के साथ प्रताड़ित किया और घर से निकाल दिया। पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई न होते देख पीड़िता ने सीओ से न्याय की गुहार लगाते हुए पति नईम खान, ससुर राशीद खान, सास आमना बेगम, देवर अय्यूब, कय्यूम, अलीक खान व राजा के खिलाफ तहरीर दी। सीओ के आदेश पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। थानाध्यक्ष किशन पाल ने बताया कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।