इंदरगढ़। पत्नी से दहेज प्रताड़ना का मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के बीच एक युवक प्रेमिका से शादी करने उसके घर पहुंच गया। पत्नी को जब पता चला तो वह उसी गांव पहुंच गई, जहां पति गया था। उसने गांव पहुंचकर हंगामा कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने पति की धुनाई कर दी। काफी देर चली पंचायत के बाद मामला रफादफा हो गया। पीड़ित महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तालग्राम थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि चार साल पहले कानपुर देहात जनपद के झींझक गांव निवासी युवक के साथ परिजनों ने शादी की थी। कुछ दिनों बाद दहेज की मांग करते हुए प्रताड़ित करने लगे। तब पति समेत ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो साल से मामला न्यायालय में विचाराधीन है। शादी से पहले पति का इंदरगढ़ थाना क्षेत्र की एक गांव निवासी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को पति प्रेमिका से शादी करने गांव पहुंच गया। जिसकी जानकारी होने पर महिला भी मौके पर पहुंच गई। इस बात से नाराज होकर पति गालीगलौज करने लगा तो ग्रामीणों ने उसकी धुनाई कर दी। काफी देर चली पंचायत में मामला शांत हुआ। थानाध्यक्ष किशन पाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।