छिबरामऊ। नगर के मुख्य मार्ग पर सहालग शुरू होते ही जाम की समस्या होने लगी है। आलम यह है कि दिनभर लोग जाम की समस्या से कराहते रहते हैं। इसके बावजूद पालिका प्रशासन ने सुध ली। पुलिस प्रशासन भी इस समस्या की ओर से आंख बंद किए हुए है।
नगर के पूर्वी से पश्चिमी बाईपास तक तीन किलोमीटर दूरी है। इस दूरी में 500 से अधिक ई-रिक्शा दिनभर फर्राटा भरते हैं। इन दिनों सहालग चल रही है। ऐसे में मुख्य मार्ग मार्ग पर दिन भर निजी चार पहिया वाहनों की भी आवाजाही रहती है। ई-रिक्शों की भीड़ के बीच किसी चार पहिया वाहन के मुख्य मार्ग पर आते ही जाम की स्थित पैदा हो जाती है। तिरंगा तिराहा हो, या फिर अस्पताल रोड चौराहा, रोडवेज बस अड्डा, स्टेट बैंक के सामने, पुराना सौरिख बस अड्डा, डाकघर तिराहा, हीरालाल कालेज चौराहा, जामा मस्जिद, पीपल चौराहा, कोलियान तिराहा, सब्जी मंडी, ताजपुर तिराहा, विशुनगढ़ तिराहे पर जाम लगता है। इनमें अधिकांश जगहों पर यातायात को सुचारु रखने के लिए पुलिस, पीआरडी व ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौजूद रहते हैं। इसके बाद भी समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है।
फुटपाथ का अतिक्रमण भी समस्या
नगर पालिका प्रशासन ने मुख्य मार्ग के किनारे कारोबार करने वाले दुकानदारों के लिए महज चार फुट का टिन शेड डलवाने की अनुमति दे रखी है। इसके बाद भी दुकानदारों ने पूरा फुटपाथ घेर रखा है। ऐसे में पैदल चलने वाले लोग फुटपाथ पर चलने की बजाय पैदल चलने वाले लोग भी वाहनों के बीच मुख्य सड़क पर ही चलते हैं। दुकानदारों के अतिक्रमण के अलावा खरीददारी के लिए आने वाले ग्राहक भी अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते है, जिससे पूरे दिन मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
अतिक्रमण के खिलाफ शीघ्र शुरू होगा अभियान
नगर पालिका परिषद के ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सहालग खत्म होते ही मुख्य मार्ग के अतिक्रमण को हटवाने के लिए अभियान शुरू कर दिया जाएगा। वहीं कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस का अभियान नियमित चलता है। अक्सर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नगर पालिका प्रशासन कार्रवाई शुरू करें, पुलिस हर संभव सहयोग करेगी।