प्रेमपुर। ग्राम माधौनगर स्थित मां आनंदी देवी मंदिर परिसर में बने 10 कमरों में ताला डालकर कब्जा कर भूसा भर दिया गया है, जिससे मंदिर की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। मंदिर के पुजारियों की मांग पर 11 मई के अंक में संवाद न्यूज एजेंसी ने समस्या का प्रकाशन किया। इसको संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने राजस्व व पुलिस टीम को मौके पर भेजा। प्रधान की मौजूदगी में बंद कमरों के ताले खुलवाकर सामान निकलवा दिया गया। साथ सड़कों पर बंधने वाले जानवरों को भी खुलवा दिया।
सोमवार को एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी के निर्देश पर लेखपाल सनोज कुमार व विशुनगढ़ थाना पुलिस मंदिर पहुंची। प्रधान मनोज यादव की मौजूदगी में मंदिर परिसर के कमरों में ताला डालकर कब्जा किए लोगों को बुलाया गया। कमरों के ताले खुलवाकर अंदर रखा सामान भी बाहर निकलवा दिया गया। साथ ही दोबारा कब्जा न करने की हिदायत दी। इसके बाद टीम ने सड़क पर मवेशी बांधने वाले पशु पालकों को भी कार्यवाही की हिदायत देते हुए सड़कों पर पशुओं को न बांधने की नसीहत दी।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी।