पीएसएम महाविद्यालय की कैंटीन चालू कराने के लिए
छात्रसंघ अध्यक्ष व उनके समर्थकों ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया। कैंटीन
के ताले तोड़ डाले। बाद में जीटी रोड पर जाम लगाकर नारेबाजी की। सूचना
मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत
कराया।
जीटी रोड पर करीब 20 मिनट तक लगे जाम से वाहनों की लाइनें लग
गईं। छात्रसंघ अध्यक्ष राजू यादव, अनंत यादव, चंदन यादव, अजीत यादव,
शैलेंद्र यादव, आमिर खां, विपिन यादव, राहुल यादव, चंदन शर्मा, अजय शर्मा,
समेत दर्जनों छात्र नेता सुबह कालेज पहुंचे। उन्होंने ज्ञापन तैयार कर
कैंटीन खुलवाने को प्राचार्य को सौंपा।
आरोप लगाया कि कई बार ज्ञापन देने
के बावजूद प्राचार्या कोई कार्रवाई नहीं करती हैं। उन्होंने कैंटीन खुलवाने
को तारीख निश्चित करने की बात कही। तारीख तय न होने पर छात्र नेता भड़क
गए। प्राचार्य सुनीति मिश्रा ने बताया कि छात्रों ने नारेबाजी करते हुए
कालेज की घंटी बजा दी।
इसके बाद सभी छात्र-छात्राओं को कक्षों में जाकर
बाहर निकाला। इसके बाद कैंटीन गेट पर लगे ताले को ईंटों से प्रहार करके
तोड़ डाला और कालेज गेट के सामने जीटी रोड पर आड़े तिरछे वाहन खड़ा कर जाम
लगा दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लाइनें लग गईं।
छात्रों के बवाल की
सूचना कोतवाली पहुंची तो कोतवाल भुल्लन यादव पुलिस बल के साथ मौके पर
पहुंचे। पुलिस को देखकर छात्रों ने जाम खोल दिया। इसके बाद कालेज परिसर के
अंदर जाकर नारेबाजी शुरू कर दी। यह देख प्राचार्या ने सीओ को घटनाक्रम से
अवगत कराया।
सीओ करन सिंह मौके पर पहुंचे और कालेज प्रशासन, पुलिस व
छात्रों के मध्य वार्ता कराई। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीलू यादव भी छात्रों
से बातचीत करने के लिए बुलाए गए। इस दौरान छात्रों ने छात्र संघ भवन व
कैंटीन खुलवाने की मांग की। ऐसा न होने पर चार दिन के लिए कालेज में हड़ताल
करा देने की चेतावनी दी।