छिबरामऊ। विवाहिता ने पति और ससुरालीजनों पर लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। विवाहिता ने परिजनों के साथ बुधवार को कोतवाली पहुंचकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम महमूदपुर जागीर निवासी रेशमा ने बताया कि पति शराब पीने के लती हैं और अक्सर गालीगलौज व मारपीट करते हैं। 11 अगस्त की सुबह आठ बजे पति जगमोहन, जेठ और जेठानी ने गालीगलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे उसका सिर फट गया। आरोप है कि शाम करीब आठ बजे मां और बहन उससे मिलने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। पुलिस को देखकर आरोपी शांत हो गए। मारपीट के दौरान विवाहिता का मोबाइल भी तोड़ दिया और ससुर ने जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।