प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खराब पड़ा हैंडपंप।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विकास खंड तालग्राम के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमोलर और आयुर्वेदिक चिकित्सालय अमोलर में लगा हैंडपंप खराब है। परिसर में लगी पानी की टंकी भी शोपीस बनी हुई है। मरीज और तीमारदारों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बावजूद हैंडपंप सही न होने से लोगों ने नाराजगी जताई है।
रवि सविता, सुनील कुमार, शेरपाल सिंह, कंचनलाल, रामऔतार, रघुवीर, अमर पाल, रामनिवास आदि ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में लगा इंडिया मार्का हैंडपंप कई सप्ताह से खराब चल रहा है। अस्पताल में आने वाले रोगियों और स्टाफ को भी पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के साथ आयुर्वेदिक चिकित्सालय भी इसी परिसर में संचालित होने से हैंडपंप से आयुर्वेदिक चिकित्सालय में आने वाले रोगियों को भी पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है।
वहीं अस्पताल परिसर में बनी पानी की टंकी व नलकूप बंद होने के कारण अस्पताल में जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। अस्पताल के कर्मचारी दलापुरवा गांव से पानी लाने को मजबूर हैं। तीमारदारों को पानी के लिए गांव तक भागना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में खाने के लिए दवा को मिल जाती है लेकिन पानी नहीं मिलता है।
अस्पताल के फार्मासिस्ट पीडी वर्मा का कहना है कि हैंडपंप खराब होने की सूचना उन्होंने एमओआईसी से लेकर उच्चाधिकारियों के दे दी है। ग्राम प्रधान को भी सूचित कर दिया है। अभी तक हैंडपंप ठीक न होने के कारण पानी का संकट बना हुआ है।