घटना की जानकारी देते एसपी व एएसपी।
गजेंद्र सिंह मीरा देवी महाविद्यालय टड़हा प्रेमपुर में दो दिन पहले छात्रा से छेड़छाड़ करने का विरोध करने पर एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस जवान व उसके भाई की पिटाई कर दी थी। मामले में छात्रा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी व अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष शाक्य ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आवास विकास कालोनी छिबरामऊ निवासी एक छात्रा गजेंद्र सिंह मीरा देवी महाविद्यालय टड़हा प्रेमपुर में परीक्षा देने गई थी। तभी धर्मेंद्र सिंह यादव निवासी मटैना थाना विशुनगढ़ ने छात्रा से छेड़छाड़ कर दी थी। छात्रा ने कालेज के गेट से निकलने के बाद अपने भाई को जानकारी दी। भाई ने तत्काल छिबरामऊ कोतवाली के सिपाही ओमवीर को जानकारी दी।
सूचना पाकर सिपाही ओमवीर अपने दोस्त के साथ मौके पर आ गए। तभी धर्मेंद्र यादव ने लाल रंग की कार से सिपाही को टक्कर मारने का प्रयास किया। बाद में 50-60 साथियों के साथ सिपाही ओमवीर व उसके दोस्त अरविंद व छात्रा के भाई पर लात- घूसे व डंडो से प्रहार करने शुरू कर दिए। यही नहीं दबंग धर्मेंद्र ने असलहों से फायरिंग की, जिससे सभी के चोटे आई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कोतवाली प्रभारी सीएल वर्मा ने उप निरीक्षक काली कृष्ण को साथ में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान धमेंद्र सिंह यादव, रोहित, विपिन कुमार व नितेष को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ने बताया कि अभी छह आरोपी फरार चल रहे है, इनको भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने पुलिस जवानों को निर्देश दिए कि वह इस तरह की घटनाओं में अपने थाना, कोतवाली प्रभारी को सूचना देकर वर्दी में ही मौके पर जाए। यही नहीं आवश्यकता हो तो अधिक पुलिस जवानों को तत्काल मौके पर बुलाएं। बताया कि धर्मेंद्र पर छेड़छाड़ सहित कई आरोप पहले भी लगते रहे है, जिसके मुकदमे भी दर्ज है।